रांची (RANCHI): झारखंड के खूंटी जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है. शुक्रवार रात खूंटी-रांची मुख्य मार्ग पर स्थित पुष्पा फ्यूल सेंटर में तीन नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी. इस घटना में पेट्रोल पंप का कर्मचारी अमित महतो गोली लगने से घायल हो गया. उसके पैर में गोली लगी है. घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. वारदात के बाद अपराधी एक पर्चा छोड़कर फरार हो गए.
बाइक से पहुंचे थे अपराधी
घटना खूंटी थाना क्षेत्र के गुटजोरा पंचायत अंतर्गत जियारप्पा स्थित पेट्रोल पंप की है. जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब नौ बजे अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधी पेट्रोल पंप पहुंचे. इनमें एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि अन्य दो ने चेहरा ढक रखा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी सीधे पेट्रोल पंप के कार्यालय और केबिन की ओर बढ़े. इसके बाद उन्होंने निशाना बनाकर लगातार तीन राउंड गोलियां चलाईं. इसी दौरान वहां काम कर रहे घाघरा गांव निवासी अमित महतो के पैर में गोली लग गई. फायरिंग के बाद पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी रांची की ओर फरार हो गए.
काउंटर पर छोड़ गए पर्चा
फायरिंग के बाद अपराधियों ने पेट्रोल पंप के काउंटर पर एक पर्चा भी छोड़ा. बताया जा रहा है कि पर्चे पर PLFI और राजेश यादव का नाम लिखा हुआ है. इसमें संगठन से जुड़ी कुछ बातें और सहयोग से संबंधित संदेश होने की चर्चा है. हालांकि, पर्चे की वास्तविकता और उसमें लिखी बातों की पुलिस जांच कर रही है.
अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस
खूंटी थाना प्रभारी बाबू बंशी साव ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं. साथ ही पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पर्चे की भी जांच की जा रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
