☰
Jharkhand

झारखंड में क्लास 1 से 8 तक के बच्चों को मिलेगा वाटरप्रूफ पिट्ठू बैग, क्लास के हिसाब से होंगे रंग, विभाग ने जारी किए निर्देश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है. अब सरकारी स्कूलों के बच्चों को नए और वॉटरप्रूफ स्कूल बैग मिलने वाले हैं. खास बात यह है कि वॉटरप्रूफ बैग होने के कारण बारिश के दिनों में बच्चों की किताबें और कॉपियां भीगने से सुरक्षित रहेंगी. अक्सर बच्चों को बारिश के दिनों में परेशानी होती थी और बरसात के मौसम में बच्चे स्कूल भी नहीं आते थे. ऐसे में वाटरप्रूफ बैग उनके लिए काफी मददगार साबित हो सकते हैं. राज्य सरकार स्कूल किट योजना के तहत पहली से आठवीं कक्षा तक के 33 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को मुफ्त स्कूल बैग देने की तैयारी कर रही है. यह वितरण शैक्षणिक सत्र 2027-28 में किया जाएगा. इस पूरी योजना पर करीब 50 करोड़ 63 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है.

अलग-अलग रंग और आकार के होंगे बैग

इस योजना की खास बात यह है कि बच्चों की कक्षा के अनुसार बैग का रंग और आकार अलग-अलग रखा गया है. पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों को 14 इंच का गुलाबी रंग का बैग मिलेगा. तीसरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को 15 इंच का आसमानी रंग का बैग दिया जाएगा. वहीं छठी से आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को 16 इंच का गहरे नीले रंग का बैग मिलेगा.

वाटरप्रूफ बैग में होंगी कई सुविधाएं

सरकार ने बैग की गुणवत्ता और मजबूती को लेकर भी विशेष मानक तय किए हैं. बैग बनाने में पूरी तरह स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा. ये बैग वाटरप्रूफ होंगे और इनमें मजबूत कपड़े के साथ कुशन वाली पट्टियां लगाई जाएंगी, ताकि बच्चों के कंधों पर अधिक दबाव न पड़े. इसके अलावा पानी की बोतल रखने के लिए अलग पॉकेट और बच्चे का नाम, स्कूल का नाम व मोबाइल नंबर लिखने के लिए नेमप्लेट भी होगी.

रांची के 1.41 लाख बच्चों को मिलेगा लाभ

योजना के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में कुल 33,39,234 स्कूल बैग बांटे जाएंगे. गिरिडीह में सबसे अधिक करीब 3.05 लाख बच्चों को इसका लाभ मिलेगा. इसके बाद पलामू, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम और गढ़वा का स्थान है. वहीं राजधानी रांची के 1,41,503 छात्र-छात्राओं को नए बैग दिए जाएंगे. सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ाना है.