रांची (RANCHI): यदि आपने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, तो अब देरी न करें. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे 19 जुलाई तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) को हर हाल में जमा कर दें. उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक में ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य में बीएलओ ने घर-घर जाकर लगभग 96 प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा दिया है. अब केवल वे मतदाता शेष हैं, जो अपने मतदान क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं, किसी कारणवश फॉर्म जमा नहीं कर सके हैं या जिन्हें अभी तक फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है. ऐसे सभी मतदाताओं से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है.
5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
के. रवि कुमार ने बताया कि 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 की तीसरी और अंतिम बैठक होगी. इस दौरान ASDD सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा. इसके बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. जिन मतदाताओं का इन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से जमा हो जाएगा, उनका नाम इसी प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इन्यूमरेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद फॉर्म का डिजिटाइजेशन, मतदाता जानकारी का सत्यापन और एक ही परिवार के मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध करने जैसे कार्य भी समय पर पूरे किए जाएंगे.
यदि किसी मतदाता को अब तक इन्यूमरेशन फॉर्म नहीं मिला है, तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म प्राप्त कर सकता है. इसके अलावा किसी भी तरह की सहायता के लिए वोटर हेल्पलाइन 1950 पर कॉल किया जा सकता है. निर्वाचन आयोग ने ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है. मतदाता Voters Service Portal या ECINET ऐप के माध्यम से घर बैठे अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भर सकते हैं.
ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले ECINET ऐप खोलकर 'Voter Registration Forms' में जाएं और 'SIR 2026 Fill Enumeration Form Online' विकल्प चुनें. इसके बाद मोबाइल नंबर और OTP के जरिए लॉगिन करें. फिर अपना मतदाता पहचान पत्र (EPIC) नंबर और राज्य का चयन करें. स्क्रीन पर पहले से आंशिक रूप से भरा हुआ फॉर्म दिखाई देगा, जिसमें आवश्यक जानकारी अपडेट करें, फोटो अपलोड करें और आधार से OTP आधारित ई-साइन कर फॉर्म सबमिट कर दें. सफलतापूर्वक आवेदन जमा होने के बाद आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर पुष्टि संदेश (Confirmation Message) प्राप्त होगा. निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 19 जुलाई से पहले अपना इन्यूमरेशन फॉर्म अवश्य जमा करें, ताकि उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल हो सके.
