☰
Jharkhand

झारखंड हाईकोर्ट की वकील अनुष्का चक्रवर्ती मौत मामला में आरोपी पति रुद्र गिरफ्तार, हाई-प्रोफाइल केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड हाईकोर्ट की चर्चित महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके पति रुद्र को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना ने रांची सहित पूरे झारखंड में हलचल मचा दी है. मामले को हाई-प्रोफाइल मानते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.

बताते चलें कि अनुष्का चक्रवर्ती की मौत के बाद उनके परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए थे. इसके बाद से ही मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही थी. घटना को लेकर कानूनी जगत में भी चर्चा तेज थी.

इसी बीच अनुष्का के भाई देवजीत चक्रवर्ती ने अपनी बहन के नाम पर अलग-अलग फाइनेंसिंग कंपनियों से बड़ी रकम का ऋण भी लेने की बात कही थी. परिजनों का आरोप है कि अनुष्का के ससुराल वालों ने इस पैसे से 16 चक्के वाले चार ट्रिपर वाहन खरीदे थे, जिनकी कुल बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा, परिवार ने लगभग 55 व्यावसायिक गाड़ियों से जुड़े बड़े कारोबार का भी दावा किया है. परिजनों का कहना है कि कर्ज की रकम और उसकी किस्तों को लेकर अनुष्का पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. 
   
इधर पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी पति रुद्र को गिरफ्तार किया है. अब उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. जांच में यह स्पष्ट करने पर जोर दिया जा रहा है कि अनुष्का की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं. पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है. फिलहाल, जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.