Jharkhand

पति ने धारदार हथियार से पत्नी को उतारा मौत के घाट, बच्चों ने देखा मां का शव तब हुआ खुलासा

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. आपसी विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान बेला मुंडा के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने आरोपी पति पवन मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, यह घटना बरियातू थाना क्षेत्र के सिंदबारा टोली की है. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि पवन मुंडा ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और एदलहातू इलाके में जाकर छिप गया.

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस समय हुआ, जब दंपति के च्चे घर लौटे. बताया जाता है कि रात में बिजली नहीं रहने के कारण बच्चे अपने एक परिचित के घर चले गए थे. सुबह वापस आने पर उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में मृत पाया. यह दृश्य देखकर बच्चे घबरा गए और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.

घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन मुंडा को एदलहातू क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, हत्या में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया था. फिलहाल पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और घटना के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है. वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है.