☰
Jharkhand

मानवता शर्मसार! रांची में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, तीन अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र में करमा पूजा से लौट रही एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है. घटना 22 सितंबर की रात चटकपुर गांव के आसपास की बताई जा रही है. पीड़िता मूल रूप से मांडर थाना क्षेत्र की रहने वाली है और इन दिनों रातू स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी. मामले में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

पीड़िता के अनुसार, वह 22 सितंबर को करमा पर्व मनाने चटकपुर गई थी. पूजा समाप्त होने के बाद देर रात रिश्तेदार के घर लौटते समय रास्ते में तीन युवकों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि युवकों ने उसे जबरन सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई. आरोपियों पर युवती का मोबाइल छीनने का भी आरोप है.

घटना के बाद युवती काफी डरी हुई थी. उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद वे उसे लेकर रातू थाना पहुंचे और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराई. मारपीट के कारण उसके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं. उसे प्राथमिक उपचार भी दिया गया है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी आदिकांत महतो के निर्देश पर अवर निरीक्षक प्रियंका कुमारी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की जांच की. वहीं, अनुसंधानकर्ता अवर निरीक्षक विनीत राय ने पीड़िता की सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराई. पुलिस पीड़िता का न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटी है. घटना में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.