रांची (RANCHI): राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी से अलग-अलग स्तर पर पूछताछ की जा रही है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा स्वयं तुपुदाना ओपी पहुंचे और जांच की निगरानी की. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग लड़कियां लटमा क्षेत्र की रहने वाली हैं. बताया जा रहा है कि वे सेल सिटी इलाके में घूम रही थीं. इसी दौरान कुछ युवकों ने कथित तौर पर उनका अपहरण कर लिया और उन्हें तुपुदाना के इंसलरी स्थित भगवान होटल ले गए. आरोप है कि वहां दोनों के साथ पूरी रात सामूहिक दुष्कर्म किया गया. पुलिस के मुताबिक, किसी तरह एक नाबालिग आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रही और उसने पुलिस को घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर छह संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल आरोपियों से तुपुदाना ओपी और धुर्वा थाना में पूछताछ जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी और तुपुदाना ओपी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. दूसरी पीड़िता को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया. पुलिस होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना में उनकी भूमिका और अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा सके. वहीं दोनों नाबालिगों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पोक्सो एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
