रांची (RANCHI): बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में विचाराधीन बंदी के साथ कथित सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार के मामले में पीड़ित को कानूनी और मानसिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई है. झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश सह झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची ने पीड़ित की मदद के लिए पैरा लीगल वालंटियर (PLV) की नियुक्ति की है. साथ ही पीड़ित और उसके परिवार को आवश्यक कानूनी सहायता एवं काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई जा रही है.
इस मामले में डालसा सचिव ने पीड़ित और उसके पिता से मुलाकात कर घंटों बातचीत की और उनकी काउंसलिंग की. पीड़ित को कानूनी सहायता देने के लिए अधिवक्ता ममता श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है. वहीं, पीड़ित को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. इसके लिए पीड़ित से आवेदन प्राप्त कर आगे की कार्रवाई के लिए पीड़ित मुआवजा कमेटी के पास भेज दिया गया है. कमेटी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार पीड़ित को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा.
घटना के बाद से पीड़ित की मानसिक स्थिति पर भी असर पड़ा है. वह अवसाद में चला गया था और फिलहाल उसका इलाज रांची के कांके स्थित केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआईपी) में चल रहा है. उसकी देखभाल और सहायता के लिए डालसा की ओर से पीएलवी भारती शाहदेव को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि इलाज के दौरान भी पीड़ित को जरूरी सहयोग मिलता रहे.
दरअसल, जेल में बंद विचाराधीन बंदी ने डालसा, रांची में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ हुए कथित यौन उत्पीड़न को लेकर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद डालसा ने आवेदन को कार्रवाई के लिए खेलगांव थाना भेजा था. इसके अलावा संबंधित डीएसपी और रांची के एसएसपी को भी मामले से अवगत कराते हुए आवेदन अग्रसारित किया गया था. इसके बाद 12 नवंबर की शाम खेलगांव थाना में पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई. इस संबंध में डालसा सचिव ने खेलगांव डीएसपी से भी बातचीत की है.
होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी ने जेल के भीतर अन्य बंदियों पर उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार करने का आरोप लगाया है. मामला सामने आने के बाद अब पीड़ित को न्याय दिलाने के साथ-साथ उसके पुनर्वास, उपचार और आर्थिक सहायता की दिशा में भी विधिक सेवा प्राधिकार ने कदम उठाए हैं.
