Jharkhand

जगन्नाथपुर मेला को लेकर रांची में हाई-लेवल बैठक, एडीजी ने दिए कड़े निर्देश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): रांची में जगन्नाथपुर मेले की तैयारियां जोरों शोरों से शुरू हो चुकी है. रथ बनकर तैयार है बस आगामी 16 जुलाई से मेले की शुरुआत होने की देरी है.  ऐसे में रथ यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर अच्छा खासा ध्यान रखा जा रहा है. ऐसे में रांची में इसको लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, रांची की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मंदिर समिति के सदस्य और जिले के आला पुलिस अधिकारी शामिल हुए. बैठक का मुख्य उद्देश्य रथ यात्रा के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करना और पूरे मेला परिसर में शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना रहा.

एडीजी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र और रथ यात्रा के रूट में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही, संवेदनशील और अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. पुलिस प्रशासन को जुलूस एवं रथ यात्रा रूट का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) करने का निर्देश मिला है, ताकि रास्ते में किसी प्रकार की बाधा न हो. इसके अतिरिक्त, शांति भंग करने वाली अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखने की हिदायत दी गई है.

सुरक्षा के आधुनिक पुख्ता इंतजामों के तहत पूरी यात्रा की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और एक सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम बनाया जाएगा. आम जनता की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति या आगजनी से निपटने के लिए सुरक्षित एग्जिट रूट तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया है. महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस की विशेष टीमें तैनात रहेंगी. इस अवसर पर आम लोगों से भी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सुझाव लिए गए. बैठक में मुख्य रूप से ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी उपस्थित थे.