Jharkhand

JPSC घेराव को लेकर हाई अलर्ट! BJP आज करेगी हल्ला बोल, रांची में 1 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): 14वीं जेपीएससी (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आज राजधानी रांची में राजनीतिक हलचल तेज रहने वाली है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है. प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

प्रदर्शन के मद्देनजर जेपीएससी कार्यालय और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कई डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में जवानों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया है. इसके अलावा कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.

भाजपा और भाजयुमो के कार्यकर्ता सुबह जयपाल सिंह स्टेडियम से मार्च की शुरुआत करेंगे. इसके बाद रैली जेपीएससी कार्यालय पहुंचेगी, जहां धरना-प्रदर्शन और आयोग का घेराव किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष योजना तैयार की है.

भाजपा का आरोप है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं. पार्टी का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय मिलना चाहिए.

इधर, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी परिस्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए. इसी को देखते हुए पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला प्रशासन तक पूरी तरह अलर्ट मोड में है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है.