Jharkhand

CM आवास घेराव को लेकर रांची में हाई अलर्ट, आंदोलनकारियों के प्रदर्शन को लेकर कई रूटों में हुआ बड़ा बदलाव

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में बुधवार को झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में आंदोलनकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए. आंदोलनकारियों ने पहचान, सम्मान, पेंशन समेत अन्य लंबित मांगों के समाधान की मांग करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने का प्रयास किया.

प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है. मोहराबादी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है. आंदोलनकारियों को मोहराबादी क्षेत्र में ही रोक दिया गया, जहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन जारी रखा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर रैपिड एक्शन पुलिस, जैप, एसआईआरबी समेत अन्य बलों की कई टुकड़ियां मौके पर मौजूद हैं. इसके अलावा फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर, विशेष वाहन और आंसू गैस दस्ता भी तैयार रखा गया है.

आंदोलन और मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. कांके रोड से आने-जाने वाले वाहनों को राम मंदिर, प्रेमसन चौक, सिद्धू-कान्हू पार्क, एटीआई चौक और एसएसपी आवास मार्ग से होकर गुजरने की सलाह दी गई है. हालांकि यह वैकल्पिक मार्ग सिंगल रोड होने के कारण यहां यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को केवल जरूरी होने पर ही इस मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है. वहीं मुख्यमंत्री आवास, राजभवन और कांके रोड की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित या डायवर्ट किया गया है.

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी प्राप्त कर लें और यातायात नियमों व प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है.