Jharkhand

मुहर्रम से पहले झारखंड में हाई अलर्ट! राज्यभर में तैनात होंगी केंद्रीय बलों की 7 कंपनियां

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. संभावित संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की सात कंपनियों की तैनाती को मंजूरी मिल गई है. केंद्रीय गृह मंत्रालय की स्वीकृति के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय ने बलों की तैनाती से संबंधित आदेश जारी कर दिए हैं.

जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने मुहर्रम के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मांग करते हुए केंद्र को प्रस्ताव भेजा था. इस अनुरोध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गृह मंत्रालय ने केंद्रीय बलों की सात कंपनियां उपलब्ध कराने की मंजूरी प्रदान की. इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने विभिन्न जिलों में बलों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित कर दी है.

सुरक्षा व्यवस्था के तहत दो कंपनियां रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), तीन कंपनियां सशस्त्र सीमा बल (SSB) और दो कंपनियां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की तैनात की जाएंगी. ये सभी कंपनियां 25 जून से 27 जून तक राज्य के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में मोर्चा संभालेंगी.

जिलावार तैनाती के अनुसार राजधानी रांची में RAF की एक कंपनी तैनात रहेगी. हजारीबाग को विशेष रूप से संवेदनशील मानते हुए यहां RAF और SSB की एक-एक कंपनी भेजी गई है. जमशेदपुर में SSB की एक कंपनी तैनात की जाएगी, जबकि गिरिडीह और पलामू में CRPF की एक-एक कंपनी कानून-व्यवस्था की निगरानी करेगी. इसके अलावा लोहरदगा में भी SSB की एक कंपनी तैनात रहेगी.

पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों का कहना है कि मुहर्रम के दौरान निकलने वाले जुलूसों, धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी. स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय बल संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. प्रशासन ने आम लोगों से भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है.