Jharkhand

जगन्नाथपुर रथ मेले को लेकर हाई अलर्ट, DGP ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेले के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर झारखंड पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है. इसी क्रम में गुरुवार को जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में मेले की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.

समीक्षा बैठक के दौरान रथ यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया. डीजीपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान किसी भी स्तर पर सुरक्षा में चूक की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए. उन्होंने भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, पार्किंग व्यवस्था और यातायात संचालन को लेकर समन्वित कार्ययोजना तैयार करने को कहा.

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीजीपी ने पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा, रथ यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखने, आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को भी तैयार रखने की बात कही गई.

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह सहित पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इसके साथ ही मेला समिति के प्रतिनिधियों ने भी आयोजन से जुड़ी तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर अपने सुझाव साझा किए. झारखंड पुलिस मुख्यालय ने भरोसा दिलाया है कि रथ मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएंगे. प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक आयोजन में शामिल होकर सुरक्षित वातावरण में अपनी आस्था का उत्सव मना सकें.