रांची(Ranchi): जेपीएससी, जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन जारी है. इसी दौरान अनशन कर रहे छात्रों की तबीयत बिगड़ने के बाद झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शुक्रवार को सदर अस्पताल पहुंचे. यहां उन्होंने भर्ती आंदोलनकारी छात्र राहुल क्रांतिकारी से मुलाकात की और डॉक्टरों से उसके इलाज की पूरी जानकारी ली.
बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों से छात्र की स्वास्थ्य स्थिति पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया. मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर छात्र की सुरक्षा और स्वास्थ्य को गंभीरता से ले रही है. उन्होंने बताया कि राहुल क्रांतिकारी का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है और फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है. स्वास्थ्य विभाग लगातार उसकी निगरानी कर रहा है.
छात्रों से स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील
डॉ. इरफान अंसारी ने आंदोलन कर रहे छात्रों से अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं और मांगों को सुनने के लिए तैयार है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी. मंत्री ने कहा कि किसी भी विवाद का स्थायी समाधान बातचीत और आपसी संवाद से ही संभव है. इसलिए छात्रों को अनशन समाप्त कर वार्ता का रास्ता अपनाना चाहिए