Jharkhand

QS रैंकिंग में IIM रांची का शानदार प्रदर्शन, एशिया में मैनेजमेंट में मिला 21वां स्थान

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): IIM रांची ने मैनेजमेंट की पढ़ाई के क्षेत्र में एक और उपलब्धि अपने नाम की है. संस्थान को QS बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग-2027 में जगह मिली है. मास्टर्स इन मैनेजमेंट की कैटेगरी में IIM रांची दुनिया के 201+ ग्लोबल बैंड में शामिल हुआ है. वहीं एशिया में संस्थान को 21वां स्थान मिला है.

सिर्फ मैनेजमेंट ही नहीं, IIM रांची के MBA-बिजनेस एनालिटिक्स प्रोग्राम ने भी इस रैंकिंग में अपनी जगह बनाई है. बिजनेस एनालिटिक्स में संस्थान को 201+ ग्लोबल बैंड में रखा गया है, जबकि एशिया में यह 16वें स्थान पर रहा. ग्लोबल रैंकिंग में जगह मिलने से संस्थान की पढ़ाई, छात्रों के करियर और दूसरे क्षेत्रों में किए जा रहे काम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है.

नौकरी से लेकर पढ़ाई पर होने वाले खर्च तक का आकलन

QS बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग तैयार करते समय संस्थानों को पांच अलग-अलग पैमानों पर परखा गया है. इसमें सबसे ज्यादा 35 प्रतिशत महत्व रोजगार क्षमता को दिया गया है. यानी यह देखा गया कि पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों के लिए नौकरी और करियर के कितने बेहतर मौके हैं और कंपनियों के बीच संस्थान की क्या पहचान है.

इसके अलावा पुराने छात्रों की उपलब्धियों को 15 प्रतिशत, पढ़ाई पर होने वाले खर्च के मुकाबले मिलने वाले फायदे को 20 प्रतिशत, रिसर्च और अकादमिक प्रभाव को 20 प्रतिशत और संस्थान में विविधता को 10 प्रतिशत महत्व दिया गया है.

मास्टर्स इन मैनेजमेंट में कैसा रहा प्रदर्शन?

मास्टर्स इन मैनेजमेंट में IIM रांची को रोजगार क्षमता में 37.2 अंक मिले हैं. पुराने छात्रों की उपलब्धियों में संस्थान को 20 अंक मिले. वहीं वैल्यू फॉर मनी में 32.7, थॉट लीडरशिप में 32.5 और विविधता के मामले में 21.8 अंक हासिल हुए हैं.

बिजनेस एनालिटिक्स प्रोग्राम की बात करें तो रोजगार क्षमता में 27.8 अंक मिले हैं. पुराने छात्रों की उपलब्धियों में 20, वैल्यू फॉर मनी में 27.3, थॉट लीडरशिप में 31.1 और विविधता में 25 अंक मिले हैं.

इन पैमानों के जरिए यह समझने की कोशिश की जाती है कि किसी संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों को पढ़ाई के बाद करियर में कितना फायदा मिलता है और संस्थान रिसर्च और पढ़ाई के स्तर पर कैसा काम कर रहा है.

AMBA की मान्यता भी हासिल कर चुका है IIM रांची

IIM रांची को हाल ही में एसोसिएशन ऑफ MBAs यानी AMBA की मान्यता भी मिली है. इसे मैनेजमेंट एजुकेशन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मान्यताओं में गिना जाता है.

इससे पहले IIM रांची ने QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग की एग्जीक्यूटिव MBA कैटेगरी में भी जगह बनाई थी. इसमें संस्थान 201+ ग्लोबल बैंड में रहा था, जबकि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में उसे 33वां स्थान मिला था.

अब QS बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग-2027 में मिली जगह से IIM रांची की उपलब्धियों में एक और नाम जुड़ गया है.