रांची (RANCHI): झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शनिवार को गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए. रांची के रातू रोड स्थित कृष्णानगर कॉलोनी के गुरुद्वारा मैदान (बिरला मैदान) में प्रकाश पर्व को लेकर विशेष आयोजन किया गया. इस दौरान राज्यपाल ने गुरुद्वारा में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी के प्रति श्रद्धा और आस्था व्यक्त की. इसके बाद उन्होंने लंगर में प्रसाद ग्रहण किया.
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रदेशवासियों और सिख समुदाय के लोगों को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उनके विचार समाज को सत्य, समानता, प्रेम, करुणा और निःस्वार्थ सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश देते हैं.
राज्यपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और दर्शन मानव कल्याण तथा सामाजिक सद्भाव की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है. उनकी शिक्षाएं जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा देती हैं. गुरु नानक देव जी ने अपने संदेशों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करने पर जोर दिया.
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा. गुरु नानक देव जी के आदर्शों को याद करते हुए लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. राज्यपाल की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई. गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व हर वर्ष श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है. यह पर्व उनके महान विचारों और मानवता के प्रति समर्पित जीवन को याद करने का अवसर प्रदान करता है. उनकी शिक्षाएं आज भी समाज में शांति, समानता और एकता का संदेश प्रसारित करती हैं.
