☰
Jharkhand

राज्यपाल संतोष गंगवार ने ‘संचित विचार’ पुस्तक का किया लोकार्पण, सकारात्मक सोच का दिया संदेश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI):  झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को रांची स्थित लोक भवन में ‘संचित विचार’ पुस्तक का लोकार्पण किया. इस पुस्तक का संकलन मत्स्य विभाग के सेवानिवृत्त कर्मी उपेंद्र पाठक ने किया है. इसमें जीवन को बेहतर बनाने और सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाले विचारों को शामिल किया गया है.

पुस्तक में अलग-अलग समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और कई पुस्तकों से चुने गए प्रेरक विचारों को एक जगह संकलित किया गया है. इन विचारों का उद्देश्य लोगों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने, अच्छी बातों से सीख लेने और मुश्किल परिस्थितियों में भी हिम्मत बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है. पुस्तक के माध्यम से पाठकों तक ऐसे विचार पहुंचाने की कोशिश की गई है, जो रोजमर्रा के जीवन में भी काम आ सकते हैं.

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि अच्छे विचार इंसान की सोच को व्यापक बनाते हैं. साथ ही जीवन में सही रास्ता चुनने और बेहतर फैसले लेने में मदद करते हैं. उन्होंने कहा कि सकारात्मक विचारों का हमारे जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है. ये न केवल हमारी सोच को बेहतर बनाते हैं, बल्कि कठिन समय में आगे बढ़ने की ताकत भी देते हैं.

राज्यपाल ने विश्वास जताया कि ‘संचित विचार’ पुस्तक पाठकों को आत्मचिंतन करने और अपने जीवन को बेहतर बनाने की प्रेरणा देगी. उन्होंने कहा कि इस तरह के विचारों को एक पुस्तक में संकलित करना सराहनीय काम है. इससे लोगों को अलग-अलग स्रोतों में बिखरे अच्छे विचार एक ही जगह पढ़ने का अवसर मिलेगा. इस मौके पर राज्यपाल ने पुस्तक के संकलनकर्ता उपेंद्र पाठक को इस प्रयास के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.