☰
Jharkhand

झारखंड-बिहार के यात्रियों के लिए राहत की खबर! स्पेशल ट्रेन में सीट मिलते ही मोबाइल पर आएगा मैसेज

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): दीपावली और छठ के दौरान झारखंड से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे की नई पहल राहत देने वाली है. त्योहारों में रांची, धनबाद, जमशेदपुर समेत झारखंड के प्रमुख शहरों से बिहार जाने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए मारामारी रहती है. इसी को देखते हुए रेलवे अब स्पेशल ट्रेनों में उपलब्ध सीटों की जानकारी यात्रियों के मोबाइल पर SMS के जरिए भेजने की तैयारी कर रहा है. हालिया जानकारी के मुताबिक, बिहार और यूपी की यात्रा करने वाले यात्रियों का डेटा जुटाकर उन्हें उपलब्ध स्पेशल ट्रेनों की जानकारी दी जाएगी.

त्योहारों के दौरान रांची रेल मंडल ने भी अतिरिक्त ट्रेनों की तैयारी तेज कर दी है. रांची से जयनगर, पूर्णिया कोर्ट, गोरखपुर, वाराणसी और आरा जैसे शहरों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा गया है. वहीं, रांची और टाटानगर से आनंद विहार, शालीमार और संतरागाछी समेत कई रूटों पर भी पूजा स्पेशल ट्रेनों की तैयारी की गई है. ऐसे में झारखंड में रहने वाले बिहार के यात्रियों के लिए घर जाने के अतिरिक्त विकल्प बढ़ेंगे.

रेलवे की यह व्यवस्था खास तौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिन्हें नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग या रिग्रेट का सामना करना पड़ रहा है. मोबाइल पर स्पेशल ट्रेन और सीट उपलब्धता की जानकारी मिलने के बाद यात्री समय रहते टिकट बुक कर सकेंगे. यानी रांची, धनबाद, जमशेदपुर से पटना, गया, आरा, जयनगर, पूर्णिया, गोरखपुर और बिहार के अन्य शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को त्योहारों में सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे. रेलवे ने इस बार त्योहारी भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की भी तैयारी की है.