Jharkhand

रांची में हुई स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल, इस बार 14 प्लाटून और 3 बैंड पार्टियां दिखाएंगी अपना दम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस परेड रिहर्सल किया गया. रिहर्सल के दौरान जवानों और एनसीसी कैडेट्स ने पूरे अनुशासन और जोश के साथ परेड का अभ्यास किया. जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की मौजूदगी में 15 अगस्त को होने वाले राजकीय समारोह की सभी प्रमुख गतिविधियों का अभ्यास कराया गया.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे ध्वजारोहण
15 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह 9 बजे मोरहाबादी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. इसके बाद परेड और अन्य निर्धारित कार्यक्रम होंगे. समारोह को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा समेत तमाम तैयारियां पूरी की जा रही हैं. रिहर्सल के दौरान डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने परेड की सलामी ली. अधिकारियों ने विभिन्न प्लाटून के जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का भी पालन किया गया.

14 प्लाटून और 3 बैंड पार्टियां होंगी शामिल
इस साल मोरहाबादी मैदान में होने वाली स्वतंत्रता दिवस परेड में कुल 14 प्लाटून शामिल होंगी. इनमें CRPF, ITBP, SSB, CISF, झारखंड जगुआर, ओडिशा पुलिस, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची जिला पुलिस, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और NCC की बॉयज व गर्ल्स प्लाटून शामिल हैं. परेड में तीन बैंड पार्टियां भी हिस्सा लेंगी. खास बात यह है कि पहली बार ओडिशा पुलिस की प्लाटून रांची के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होगी. इससे इस बार का परेड समारोह और खास होने की उम्मीद है.

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
समारोह के सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी हुई. डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी. डीसी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने ड्यूटी स्थल और जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए. साथ ही मुख्य अतिथियों के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा. एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश देते हुए समारोह में आने वाले लोगों की गहन जांच करने को कहा. किसी भी व्यक्ति को आपत्तिजनक सामग्री के साथ कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं देने के निर्देश हैं.

सुरक्षा कारणों से मोरहाबादी मैदान में निजी ड्रोन से फोटो या वीडियो बनाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. ड्रोन से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी केवल संबंधित अधिकृत विभाग की अनुमति और व्यवस्था के तहत की जा सकेगी. स्वतंत्रता दिवस परेड में फर्स्ट इन कमांड की जिम्मेदारी 2022 बैच के IPS अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा संभालेंगे. वर्तमान में वे रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं. वहीं सेकेण्ड इन कमांड की जिम्मेदारी परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमिन कुजूर को दी गई है. फुल ड्रेस रिहर्सल के जरिए प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि स्वतंत्रता दिवस के दिन ध्वजारोहण, परेड, सुरक्षा और अन्य सभी कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के निर्धारित समय पर संपन्न हों.