Jharkhand

SIR में फर्जी दस्तावेज का खेल! 4 अपात्र लोगों समेत CSC संचालक पर FIR

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची(RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के SIR को लेकर अभियान जारी है लेकिन इसी बीच कई जगहों से शिकायत भी सामने आ रही है. ऐसे में SIR में जांच के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार शनिवार को चार दिवसीय संथाल परगना दौरे पर पहुंचे. दौरे के पहले दिन उन्होंने साहेबगंज जिले के पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बरहरवा प्रखंड का निरीक्षण किया. यहां मतदाता सूची में संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर नाम शामिल कराने के प्रयास से जुड़े मामलों की उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चिह्नित संदिग्ध लोगों के घर जाकर उनके निवास, मतदाता पंजीकरण और उपलब्ध दस्तावेजों की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष और गहन जांच करते हुए दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन किया जाए.

बरहरवा प्रखंड के आहुत ग्राम में फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र के जरिए मतदाता सूची में शामिल होने का प्रयास करने वाले चार अपात्र व्यक्तियों को चिह्नित किया गया. इनमें रूबेदा बेवा, रबी शेख, पिंटू शेख और सेन्टु शेख के नाम शामिल हैं. जांच में सामने आया कि इन लोगों को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उपलब्ध कराने में कॉमन सर्विस सेंटर संचालक मोहम्मद सलीम की भूमिका थी. मामले में चारों अपात्र व्यक्तियों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज जमा कर मतदाता सूची में अवैध रूप से नाम जुड़वाने के प्रयास को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं फर्जी दस्तावेज तैयार कर उपलब्ध कराने के आरोप में CSC संचालक के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की कोशिश करने वालों और इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता. SIR का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और किसी अपात्र या विदेशी व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो. उन्होंने अधिकारियों को संदिग्ध दस्तावेजों और अभिलेखों का सूक्ष्मता से सत्यापन करने के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि जानबूझकर गलत या फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए. चार दिवसीय दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी साहेबगंज के अलावा गोड्डा, दुमका और देवघर के विभिन्न क्षेत्रों का भी निरीक्षण करेंगे और SIR से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा करेंगे.