Jharkhand

पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, बोले- झारखंड ने खोया अनुभवी जननेता

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर है. मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा पहुंचकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उनकी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं. दोनों ने मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम नमन किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मन्नान मल्लिक के निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़े रहे. उन्होंने विशेष रूप से धनबाद सहित झारखंड की जनता की समस्याओं और आवाज़ को मजबूती से उठाने का काम किया. उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है. उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी.

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने दिवंगत नेता के परिजनों से भी मुलाकात की. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की.

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे. मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. मन्नान मल्लिक का राजनीतिक जीवन जनसेवा, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनता से जुड़े मुद्दों को मुखरता से उठाने के लिए याद किया जाएगा. उनका निधन झारखंड की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है.