रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है. 29 जुलाई तक चलने वाली एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया के बीच निर्वाचन आयोग ने अभियान की ताजा प्रगति रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के अधिकांश मतदाताओं तक फॉर्म पहुंच चुके हैं, लेकिन अभी भी 35 लाख से अधिक एन्यूमरेशन फॉर्म वापस नहीं आए हैं. ऐसे में आयोग और जिला प्रशासन शेष मतदाताओं से जल्द से जल्द फॉर्म जमा करने की अपील कर रहे हैं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से छूटने न पाए.
निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य में कुल 2,64,63,236 पंजीकृत मतदाता हैं. इनमें से 2,64,36,310 मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा दिए गए हैं. हालांकि, अब तक 35,38,762 फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हो सके हैं. दूसरी ओर, मतदाताओं द्वारा भरे और हस्ताक्षरित 2,15,91,889 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है. इन सभी मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे.
लाखों मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं की हुई पहचान
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है. अब तक 7,10,090 मृत मतदाताओं की पहचान की गई है. इसके अलावा 10,43,441 ऐसे मतदाता मिले जिनका पता नहीं चल सका या जो सत्यापन के दौरान अनुपस्थित पाए गए. वहीं 13,82,101 मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं. इसके साथ ही 3,68,425 ऐसे मतदाता भी मिले जिनका नाम पहले से किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में दर्ज है. वहीं 34,705 लोगों ने एन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया. आयोग के मुताबिक, अब तक कुल 2,51,30,651 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है और शेष रिकॉर्ड का सत्यापन लगातार जारी है.
रांची में लगभग पूरा हुआ फॉर्म वितरण
राजधानी रांची में भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है. जिला प्रशासन के अनुसार, 25 जुलाई रात 8 बजे तक जिले के 26,74,681 मतदाताओं में से 26,73,250 लोगों तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा दिए गए, जो कुल मतदाताओं का 99.95 प्रतिशत है. रांची जिले में अब तक 23,18,639 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जो कुल फॉर्म का 86.69 प्रतिशत है. वहीं 18,59,840 फॉर्म का बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा भौतिक सत्यापन भी पूरा कर लिया गया है, जो 80.21 प्रतिशत के बराबर है. इसके अलावा 32,097 मतदाताओं ने अपना फॉर्म ऑनलाइन जमा किया है.
डिजिटाइजेशन में रांची विधानसभा सबसे आगे
विधानसभावार प्रगति की बात करें तो रांची विधानसभा क्षेत्र डिजिटाइजेशन के मामले में सबसे आगे है, जहां 92.49 प्रतिशत फॉर्म ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके हैं. वहीं तमाड़, सिल्ली और मांडर विधानसभा क्षेत्रों में BLO सत्यापन का आंकड़ा 90 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है. फॉर्म वितरण के मामले में भी जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों का प्रदर्शन लगभग शत-प्रतिशत रहा है. तमाड़ और सिल्ली में 99.99 प्रतिशत, रांची और खिजरी में 99.98 प्रतिशत, हटिया में 99.92 प्रतिशत, कांके में 99.91 प्रतिशत और मांडर में 99.90 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं.
उपायुक्त ने की जल्द फॉर्म जमा करने की अपील
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शेष मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना देरी किए अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित BLO को सौंपें या ऑनलाइन माध्यम से जमा करें. उन्होंने सभी ERO, AERO और BLO को निर्देश दिया है कि फॉर्म वितरण, डिजिटाइजेशन और भौतिक सत्यापन के शेष कार्य को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो और अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित तैयार की जा सके.
