Jharkhand

BLO के घर पहुंचते ही भरें इन्यूमरेशन फॉर्म, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की मतदाताओं से अपील

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
BLO के घर पहुंचते ही भरें इन्यूमरेशन फॉर्म, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की मतदाताओं से अपील

रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्वयं अपने आवास पर इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को सौंपा. उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि बीएलओ जब उनके घर पहुंचे तो बिना देरी किए अपना और अपने परिवार के सदस्यों का इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर हस्ताक्षर सहित तुरंत जमा करें.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-374 की बीएलओ अन्नु कच्छप को अपना भरा हुआ फॉर्म सौंपते हुए कहा कि बीएलओ को सीमित समय में अपने मतदान केंद्र क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंचकर मतदाता सत्यापन का कार्य पूरा करना है. ऐसे में नागरिकों का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि समय पर फॉर्म जमा करने से मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा. साथ ही उन्होंने सभी सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों से भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने बीएलओ से शीघ्र संपर्क कर स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों का इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाना सुनिश्चित करें.

के. रवि कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य स्पष्ट है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के आवास पर 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) सुदीप्त राज, बीएलओ सुपरवाइजर और कंप्यूटर ऑपरेटर भी मौजूद रहे. निर्वाचन विभाग ने एक बार फिर नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करें और बीएलओ के घर पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ इन्यूमरेशन फॉर्म समय पर जमा करें.