☰
Jharkhand

छठी माई के घटवा पर आजन-बाजन.... लोक आस्था के महापर्व पर जेलों में भी सजेंगे घाट, 85 बंदी कर रहे छठ व्रत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): लोक आस्था के महापर्व छठ के प्रति श्रद्धा का अनूठा उदाहरण झारखंड की जेलों में देखने को मिल रहा है. जेल की ऊंची दीवारें और लोहे की सलाखें भी बंदियों की आस्था के आगे छोटी पड़ गई हैं. परिवार और अपनों से दूर रहने के बावजूद राज्य की अलग-अलग जेलों में बंद 85 कैदी पूरे विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं. इनमें 36 महिला और 49 पुरुष बंदी शामिल हैं. जेल परिसर में ही भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.

बंदियों की आस्था का सम्मान, जेल प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
बंदियों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन की ओर से छठ पूजा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. झारखंड के जेल आईजी सुदर्शन मंडल के अनुसार, सभी संबंधित जेलों में साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और अर्घ्य देने के लिए कृत्रिम जल कुंड तैयार किए गए हैं. व्रत करने वाले बंदियों को पूजन सामग्री, फल, नैवेद्य और नए कपड़े भी उपलब्ध कराए गए हैं. वहीं, पूजा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है.

रांची की बिरसा मुंडा जेल में सबसे अधिक व्रती
राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में सबसे ज्यादा 18 बंदी छठ व्रत कर रहे हैं. इनमें 9 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं. इसके अलावा लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा हजारीबाग में 11 बंदी (5 महिला और 6 पुरुष), मेदिनीनगर केंद्रीय कारा में 8 बंदी (5 महिला और 3 पुरुष) तथा दुमका केंद्रीय कारा में 5 बंदी (1 महिला और 4 पुरुष) छठ पूजा कर रहे हैं. जमशेदपुर के घाघीडीह केंद्रीय कारा में भी एक महिला बंदी छठ व्रत कर रही हैं.

गढ़वा और धनबाद की जेलों में भी छठ की रौनक
राज्य की मंडल और उपकाराओं में भी छठ महापर्व की छटा देखने को मिल रही है. गढ़वा मंडल कारा में सबसे अधिक 15 बंदी व्रत कर रहे हैं. इनमें 9 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं. धनबाद मंडल कारा में 9 बंदी (3 महिला और 6 पुरुष) छठ कर रहे हैं. गिरिडीह मंडल कारा में 8 पुरुष, साहेबगंज में 4 पुरुष और चतरा मंडल कारा में 2 पुरुष बंदी व्रत रखे हुए हैं.

वहीं, राजमहल उपकारा में 2 महिला और एक पुरुष बंदी छठ पूजा कर रहे हैं. गढ़वा के श्री बंशीधर नगर उपकारा में भी एक महिला बंदी पूरी श्रद्धा के साथ महापर्व मना रही हैं.

इन जेलों में इस बार नहीं हो रही छठ पूजा
झारखंड की कुछ जेलों में इस वर्ष किसी भी बंदी ने छठ व्रत नहीं रखा है. इनमें चाईबासा, चास, देवघर, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, साकची, सरायकेला और सिमडेगा की जेलें शामिल हैं. इसके अलावा बरही, घाटशिला, खूंटी, मधुपुर, रामगढ़ और तेनुघाट उपकारा में भी कोई बंदी छठ नहीं कर रहा है. हजारीबाग स्थित आत्मसमर्पित नक्सली बंदी कारा में भी इस बार किसी के व्रत रखने की सूचना नहीं है.