Jharkhand

रांची में ABVP प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ता बेहोश, सड़क पर लेटकर किया हंगामा; बस रोकने से बढ़ा तनाव

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची में विधानसभा घेराव को लेकर ABVP का प्रदर्शन लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है. धुर्वा स्थित पुरानी विधानसभा के पास प्रदर्शन के दौरान ABVP की एक महिला कार्यकर्ता अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गई. इसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. महिला सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत भीड़ के बीच से महिला कार्यकर्ता को बाहर निकाला. अन्य प्रदर्शनकारी भी उसकी मदद के लिए आगे आए. घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने स्थिति संभालने की कोशिश की. महिला कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है.

इधर, विधानसभा घेराव के लिए जुटे ABVP कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर बसों में बैठाना शुरू किया. प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके. हालांकि, कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बस को आगे बढ़ने से रोक दिया. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी बस के आसपास जमा हो गए और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करने लगे.

डिटेन किए जाने के विरोध में ABVP कार्यकर्ताओं ने पुरानी विधानसभा के पास सड़क पर बैठकर और लेटकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे. सड़क पर प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. जगन्नाथपुर थाना से लेकर पुरानी विधानसभा तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. डिटेन किए गए कार्यकर्ताओं को बसों से मौके से हटाने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई. पुलिस बस को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन प्रदर्शनकारी रास्ते में खड़े होकर उसे रोक रहे थे.

पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटने और रास्ता खाली करने के लिए समझाते रहे. वहीं ABVP कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखने पर अड़े रहे. ABVP की ओर से यह विधानसभा घेराव कार्यक्रम पूर्व में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया गया है. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता रांची पहुंचे हैं. पुरानी विधानसभा के आसपास पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी. प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा घेरा बनाया गया है.

प्रदर्शन को देखते हुए पुरानी विधानसभा और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल प्रदर्शनकारियों को समझाने, यातायात बहाल करने और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश की जा रही है. महिला कार्यकर्ता के अचानक बेहोश होने, प्रदर्शनकारियों की डिटेनिंग और सड़क जाम के बाद पुरानी विधानसभा के आसपास माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है.