Jharkhand

चोरी से तंग ग्रामीणों ने चोर को दी ऐसी अनोखी सज़ा, महिला के कपड़े पहनाकर पूरे गांव में घुमाया

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): अगर कभी कोई चोर, कहीं चोरी-चकारी करते पकड़ा जाता है तो लोग उसे जमकर पीट देते हैं. अमूमन इसी तरह की सजा लोगों द्वारा किसी भी चोरी करने वाले व्यक्ति को दी जाती है पर राजधानी रांची से सामने आई तस्वीर कुछ अलग ही है. दरअसल ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित झिरी गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को चोरी के जेवरात के साथ पकड़ लिया. इसके बाद लोगों का गुस्सा इस कदर फूट पड़ा कि युवक को महिला के कपड़े पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया.

ग्रामीणों के अनुसार, झिरी गांव में पिछले कई दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं. बार-बार हो रही वारदातों के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा था. ऐसे में ग्रामीणों को एक युवक पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे पकड़कर पूछताछ की गई. तलाशी लेने पर उसके पास से कथित तौर पर चोरी के जेवरात बरामद हुए. युवक के पकड़े जाने की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को महिला परिधान पहनाकर पूरे गांव में घुमाया. इस दौरान गांव में लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही. बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई. पुलिस बरामद जेवरात की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी संगठित चोरी गिरोह से है या नहीं. साथ ही हाल के दिनों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ कर कई अहम जानकारियां जुटाने का प्रयास कर रही है.