Jharkhand

झारखंड में SIR का डर! सरकार ने बनाया प्लान तो राजनीतिक दल ने कसी कमर

Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर
झारखंड में SIR का डर! सरकार ने बनाया प्लान तो राजनीतिक दल ने कसी कमर

रांची(RANCHI): झारखंड में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण के पूर्व की प्रक्रिया को चुनाव आयोग पूरा करने में लगा है.BLO बूथ पर पहुंच कर मतदाता सूची में अनमैप्ड मतदाताओं का वेरीफिकेशन कर रहे  है.तो दूसरी तरफ सरकार और राजनीतिक दल ने SIR को लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है. राज्य सरकार ने विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है. साथ ही राजनीति दल झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बूथ स्तर तक अपनी कमिटी को सक्रिय हो कर इस प्रक्रिया को पूरा कराने का निर्णय लिया है.

23 मई से शुरू है प्रक्रिया

दरअसल झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अगले माह जुलाई में होना है.चुनाव आयोग इसकी तैयारी पूरी कर चुका है. सभी की ट्रेनिंग पूरी करा दी गई.साथ ही SIR के पूर्व की सभी प्रक्रिया को शुरू किया गया. जिसे लेकर चुनाव आयोग ने सभी बूथ पर विशेष कैम्प लगाया. साथ ही अनमैप्ड मतदाता सूची प्रकाशित की गई. जिससे छूटे हुए मतदाता की सत्यापन का कार्य किया जा सके. झारखंड के सभी बूथ पर इस कार्य को बीते 23 मई से शुरू किया गया है.

सरकार चलाएगी जागरूकता अभियान

अब इस पूरे प्रक्रिया में सबसे बड़ी चुनौती ग्रामीण इलाकों के रहने वाले लोगों को हो रही है.वह खुद से लिस्ट में नाम खोजने में सक्षम नहीं है. खास कर बुजुर्ग व्यक्ति को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है. जिसे देखते हुए ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी में राज्य सरकार है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में बैठक की. जिसमें स्कूली छात्रों को इस जागरूकता अभियान में शामिल करने का निर्णय लिया है. सभी स्कूल के छात्र अपने अपने आस पास जागरूकता फैलाने का काम करेंगे. इस जागरूकता से पहले सभी छात्रों को एक विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी. जिसमें SIR की पूरी प्रक्रिया को समझाया जाएगा. जिससे SIR के समय हर बच्चा अपने घर परिवार के साथ अपने आस पास के लोगों की मदद कर सके.

झामुमो ने बनाया एक्शन प्लान

इधर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर अपनी तैयारी में जुटा है. झारखंड मुक्ति मोर्चा ने संगठन का सभी पदाधिकारी के साथ बैठक की. जिसमें सभी को टास्क दिया गया. जिला से लेकर बूथ स्तर तक कमिटी विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य को पूरा कराने में लोगों की मदद करेगी. बूथ कमेटी को उनके बूथ की जिम्मेवारी दी जाएगी.जिसमें वह अपने बूथ के सभी मतदाताओं को दस्तावेज और नाम खोजने में मदद करेंगे साथ ही उनके ऑनलाइन प्रक्रिया को पूरा करने में मदद करेंगे.

झामुमो का 2 जून से कार्यक्रम

इस पूरे प्रक्रिया के पूर्व झामुमो ने संगठन को धार देने की योजना बनाई है. जिसमें संगठन ने कार्यक्रम तय किया है. पार्टी के अनुसार 2 जून को चाईबासा, 3 जून को पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तथा 4 जून को सिमडेगा में बैठकें आयोजित होंगी.  इन बैठकों में जिला, प्रखंड और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ बीएलए भी शामिल होंगे. बैठकों का मुख्य उद्देश्य एसआईआर की प्रक्रिया, मतदाता सूची सत्यापन और जनगणना से जुड़े मुद्दों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना है.

SIR का नहीं होने देंगे राजनीतिक इस्तेमाल 

महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने के लिए एसआईआर जैसे मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल करना चाहती है, लेकिन झामुमो का संगठन हर बूथ पर जनता को जागरूक करेगा और किसी भी कथित षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगा.  उन्होंने कहा कि भाजपा हर केंद्रीय योजना का श्रेय लेने में आगे रहती है, लेकिन झारखंड की ओर से पूछे जाने वाले अधिकारों, बकाया राशि, खनिज संपदा के उचित हिस्से और राज्य के विकास के सवालों पर चुप्पी साध लेती है.

उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड से देश को कोयला, लोहा और अन्य खनिज संपदा मिलने के बावजूद राज्य को उसका पूरा अधिकार कब मिलेगा.  साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय, एमएसपी की कानूनी गारंटी और बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया.

झामुमो नेता का कहना है कि संगठन की मजबूती और जनता के बीच सीधा संवाद ही भाजपा की राजनीति का जवाब होगा तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मुकाबला इसी आधार पर किया जाएगा.