Jharkhand

रांची में जहरीले सांप के डंसने से पिता-पुत्र की मौत, झाड़-फूंक के कारण इलाज में हुई देरी

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी के अनगड़ा इलाके में एक विषैले करैत सांप के डंसने से पिता और बेटे की मौत हो गई. मृतकों की पहचान सुधीर महतो और उनके रितेश महतो के रूप में हुई है. भीषण गर्मी के कारण सुधीर महतो अपने बेटे रितेश के साथ कमरे में जमीन पर सो रहे थे. रात करीब एक बजे एक विषैला करैत सांप कमरे में घुस आया और सो रहे पिता-बेटे को डंस लिया. दोनों गहरी नींद में थे, इसलिए उन्हें सांप के काटने का तुरंत एहसास नहीं हुआ.

कुछ देर बाद रितेश को अचानक उल्टी होने लगी, जिससे परिवार वालों की नींद खुल गई. इसी दौरान परिवार के लोगों ने कमरे में सांप को भी देखा. हालांकि, जब परिजनों ने पिता और पुत्र से सांप के काटने की आशंका जताई तो दोनों ने इस बात से इनकार कर दिया. इसके बाद सभी लोग फिर से सो गए.

सुबह होते-होते दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी. दोनों को चक्कर आने लगे और शरीर में कमजोरी बढ़ गई. लेकिन अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन पहले उन्हें झाड़-फूंक कराने के लिए ओझा के पास ले गए. इस दौरान इलाज में काफी देरी हो गई और दोनों की हालत गंभीर होती चली गई. जिसके बाद इलाज के लिए दोनों को रिम्स ले जाया गया. जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर गिया. घटना के समय सुधीर महतो की पत्नी अपनी बेटी के साथ दूसरे कमरे में सो रही थीं, जिससे वे बच गईं. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं.