रांची (RANCHI): झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. परीक्षा को लेकर कथित धांधली और पेपर लीक मामले में रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्ट में 2400 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है. इस चार्जशीट में कुल 169 अभियुक्तों को नामजद किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोप पत्र में सभी आरोपियों की भूमिका का विस्तार से उल्लेख किया गया है और यह बताया गया है कि किस व्यक्ति ने किस स्तर पर परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश रची. जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी, डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्यों को भी चार्जशीट का हिस्सा बनाया गया है. पुलिस का दावा है कि प्रत्येक आरोपी के खिलाफ पर्याप्त और ठोस साक्ष्य जुटाए गए हैं.
इधर, यह मामला सामने आने के बाद से ही रांची पुलिस लगातार पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई थी. कई चरणों में की गई जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बीच संपर्क, डिजिटल रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. इन्हीं आधारों पर तैयार की गई 2400 पन्नों की चार्जशीट अब अदालत में पेश की गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से की गई है, ताकि दोषियों के खिलाफ मजबूत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
गौरतलब है कि इसी वर्ष अप्रैल में रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी. परीक्षा से पहले रांची पुलिस को सूचना मिली थी कि पेपर लीक करने वाला एक गिरोह सक्रिय है और परीक्षा में धांधली की साजिश रची जा रही है. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तमाड़ क्षेत्र में छापेमारी की और पूरे मामले का खुलासा किया. इस संबंध में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अब चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले की सुनवाई न्यायालय में आगे बढ़ेगी.
