रांची (RANCHI): JPSC-JSSC में भ्रष्टाचार और परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. आज आंदोलन का 16वां दिन है. वहीं, छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो पिछले 8 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. उनकी मांग है कि छात्रों की समस्याओं पर सरकार सिर्फ बातचीत तक सीमित न रहे, बल्कि लिखित रूप से भरोसा दे और आगे की कार्रवाई साफ करे.
आंदोलन के बीच सरकार की ओर से भी देवेन्द्र नाथ महतो से संपर्क किया गया है. सरकार की बनाई हाईलेवल कमेटी में शामिल मंत्रियों ने उनसे व्हाट्सएप के जरिए बातचीत की. इस दौरान उनकी सेहत और आंदोलन को लेकर चर्चा हुई.
मंत्रियों ने भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की
देवेन्द्र नाथ महतो से बातचीत करने वालों में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, संजय यादव, चमरा लिंडा और दीपिका पांडेय सिंह शामिल रहे. मंत्रियों ने उनसे भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की. साथ ही छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत के जरिए रास्ता निकालने की बात कही.
हालांकि, देवेन्द्र नाथ महतो ने फिलहाल भूख हड़ताल खत्म करने से इनकार कर दिया है. उन्होंने बातचीत और पहल के लिए मंत्रियों को धन्यवाद दिया, लेकिन साफ कहा कि केवल मौखिक भरोसे के आधार पर आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा.
लिखित आश्वासन मिलने तक जारी रहेगी भूख हड़ताल
देवेन्द्र नाथ महतो का कहना है कि सरकार जब तक छात्रों की मांगों को लेकर लिखित आश्वासन नहीं देती, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी. उन्होंने यह भी साफ किया कि JPSC-JSSC से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
आंदोलन कर रहे छात्र परीक्षा और भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ गड़बड़ियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. अब सभी की नजर सरकार और आंदोलन कर रहे छात्रों के अगले कदम पर टिकी है.