Jharkhand

NEET छात्रा ने की आत्म हत्या, JMM ने बीजेपी पर बोला हमला कहा तिल-तिल कर मत मारो बच्चों को

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): नीट परीक्षा पेपर लीक मामले के बाद देश में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. इसी मुद्दे को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त कीं. सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शिक्षा व्यवस्था को संभालने में विफल रहे हैं. उन्होंने कहा कि वर्ष 1985 में सीबीएसई परीक्षा प्रणाली में छात्रों को पुनर्मूल्यांकन और दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलता था, लेकिन समय के साथ शिक्षा व्यवस्था में कई बदलाव किए गए, जिनका अपेक्षित परिणाम नहीं मिला.

उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न परीक्षाओं के संचालन के लिए बनाई गई एजेंसियां भी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन नहीं कर सकीं. उन्होंने रांची के एक 17 वर्षीय छात्र का उल्लेख करते हुए दावा किया कि छात्र ने परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है. सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच की बात कही गई थी, लेकिन उसकी प्रगति और परिणाम को लेकर अब तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. उन्होंने हाल में आयोजित CUET परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों का भी जिक्र किया और कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र परीक्षा प्रणाली या शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं, तो उन्हें विभिन्न तरह के आरोपों का सामना करना पड़ता है. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छात्रों की चिंताओं पर ध्यान देना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करनी चाहिए. सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि छात्रों में बढ़ती निराशा चिंता का विषय है और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है. उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में प्रभावी पहल करने की मांग की.

रिपोर्ट : समीर हुसैन