☰
Jharkhand

रांची में दशहरे की धूम, जानिए राजधानी में किन जगहों पर होगा रावण दहन

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची (RANCHI): दशहरे को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं. बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण दहन को लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में खास इंतजाम किए जा रहे हैं. कहीं आसमान छूता रावण का पुतला लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा, तो कहीं रंग-बिरंगी आतिशबाजी और लेजर शो से दशहरे की शाम खास बनाई जाएगी. मोरहाबादी, अरगोड़ा, धुर्वा, तुपुदाना और नामकुम समेत कई इलाकों में रावण दहन के कार्यक्रम होंगे. हालांकि, सभी जगहों पर आयोजन एक ही दिन नहीं होगा. कुछ स्थानों पर 20 अक्टूबर को, जबकि कुछ जगहों पर 21 अक्टूबर को रावण दहन किया जाएगा.

मोरहाबादी में दिखेगा भव्य नजारा

मोरहाबादी मैदान में पंजाबी हिंदू बिरादरी की ओर से बड़े स्तर पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यहां 90 फीट ऊंचा रावण, 65 फीट का कुंभकर्ण और 60 फीट का मेघनाथ बनाया जा रहा है. इसके अलावा दो मंजिला सोने की लंका, श्रीराम दरबार, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लेजर शो भी लोगों के लिए खास आकर्षण होंगे.

अरगोड़ा और तुपुदाना में भी तैयारी

अरगोड़ा मैदान में 60 फीट ऊंचे वाटरप्रूफ रावण का दहन किया जाएगा. इसे रिमोट से जलाने की योजना है. वहीं, आतिशबाजी भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी. दूसरी ओर, तुपुदाना में 50 फीट ऊंचे रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है. यहां भी आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं.

धुर्वा में सुविधाओं पर ध्यान

धुर्वा-जगन्नाथपुर मैदान में रावण दहन के दौरान लोगों की भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई और दूसरी जरूरी सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है. रांची नगर निगम ने मैदान को समतल करने और चलंत शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को परेशानी न हो.

सिदरौल और गेतलसूद में 21 अक्टूबर को दहन

नामकुम के सिदरौल बाजार मैदान में 21 अक्टूबर को रावण दहन होगा. यहां 60 फीट का रावण और 55-55 फीट के कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले बनाए जाएंगे. वहीं, अनगड़ा के गेतलसूद स्थित शंकर जारा मैदान में भी 21 अक्टूबर को रावण दहन के साथ आतिशबाजी होगी. कुल मिलाकर, इस बार रांची में दशहरे का उत्सव अलग-अलग मैदानों में भव्य अंदाज में मनाने की तैयारी है.