Jharkhand

रांची में चल रहा नशे का बड़ा कारोबार, ब्राउन शुगर और चोरी की बाइक संग तीन गिरफ्तार

Diksha Benipuri
Copy Editor
रांची में चल रहा नशे का बड़ा कारोबार, ब्राउन शुगर और चोरी की बाइक संग तीन गिरफ्तार

रांची (RANCHI): जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान ब्राउन शुगर और चोरी की बाइक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई जगन्नाथपुर मंदिर के समीप की गई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेसाग हटिया मस्जिद बस्ती निवासी शमशाद अंसारी, इम्तियाज अंसारी और मो. माजिद के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके पास से 0.90 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है.

जानकारी के अनुसार, थाना की गश्ती टीम शाम के समय मंदिर क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक मंदिर की ओर से आते दिखाई दिए. पुलिस को देखकर उन्होंने अचानक अपनी बाइक दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश की. उनकी हरकत संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और पूछताछ शुरू की.

पूछताछ के दौरान तीनों युवक घबराए हुए नजर आए, जिसके बाद उनकी तलाशी ली गई. जांच में दो युवकों के पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके अलावा जिस बाइक पर वे सवार थे, वह भी चोरी की निकली.

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वे खाजा नामक व्यक्ति से ब्राउन शुगर खरीदते थे. उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब 500 रुपये में उन्हें नशीला पदार्थ उपलब्ध कराया जाता था. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पुंदाग इलाके में खाजा की तलाश में छापेमारी की, लेकिन वह मौके से फरार मिला.

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, फरार आरोपी खाजा के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का मानना है कि मामले की आगे की जांच में नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं.