रांची (RANCHI): झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे 1018 अभ्यर्थियों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है. राज्य सरकार 29 जून को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपने जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे. इसको लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी अभ्यर्थियों का चयन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा किया गया है. इनमं प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 5) और मध्य विद्यालय (कक्षा 6 से 8) के लिए चयनित शिक्षक शामिल हैं. आयोग की अनुशंसा के बाद अभ्यर्थियों की जिला स्तर पर काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अब उन्हें औपचारिक नियुक्ति पत्र मिलने का इंतजार है.
राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने में जुटी हुई है. इससे पहले भी सरकार द्वारा 319 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है, जिनमें प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के शिक्षक शामिल थे. सरकार का लक्ष्य सहायक आचार्य के कुल 26,001 पदों पर नियुक्ति करने का है. अब तक लगभग 10 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जा चुके हैं, जबकि शेष रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया जारी है.
इधर, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत छह विषयों के लिए 466 अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया है. इनमें माध्यमिक आचार्य और विशेष शिक्षा आचार्य दोनों श्रेणियों के उम्मीदवार शामिल हैं. दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 18 और 19 जून को नामकुम स्थित JSSC कार्यालय में आयोजित की जाएगी.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को 24 जून को अंतिम अवसर दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी तरह की छूट नहीं दी जाएगी और अनुपस्थित अभ्यर्थियों का दावा स्वतः निरस्त माना जाएगा. शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी आने से राज्य के शिक्षा क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
