रांची (RANCHI): झारखंड कांग्रेस ने डॉ. के. तौसीफ को प्रदेश मीडिया कन्वेनर की जिम्मेदारी सौंपी है. इस नई जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व दिया है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे.
द न्यूज पोस्ट से बातचीत के दौरान डॉ. तौसीफ ने कहा कि कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाने तथा पार्टी की बातों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मीडिया विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने बताया कि आने वाले एक-दो दिनों में नए प्रवक्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पार्टी के विचारों और नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना है.
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. राजू के नेतृत्व में संगठन स्तर पर कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं. इन कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को मीडिया एवं संचार विभाग के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी. उनका मानना है कि जनता तक सही जानकारी पहुंचाना और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना कांग्रेस की प्राथमिकता है. बातचीत के दौरान डॉ. तौसीफ ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर नहीं है. उनके अनुसार बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएं और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है.
उन्होंने कहा कि देश की जनता ने सरकार को विकास, रोजगार और बेहतर प्रशासन के लिए चुना था, लेकिन वर्तमान समय में युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के बजाय बड़े उद्योगपतियों के हितों को अधिक महत्व दे रही है. डॉ. तौसीफ ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और युवाओं, छात्रों तथा आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की मजबूती और बेहतर संवाद के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा.
रिपोर्ट- सौम्या शुक्ला
