☰
Jharkhand

शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. बिंदेश्वर बेक को मिला झारखंड सम्मान, कृषि मंत्री ने किया सम्मानित

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम करने और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में योगदान देने के लिए सेवन स्टार्स अकादेमी, हेहल, रांची के चेयरमैन और निदेशक डॉ. बिंदेश्वर बेक को ‘लाइफ लाइन ऑफ झारखंड अवार्ड–2026’ से सम्मानित किया गया है. ‘हेलो लाइफ’ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने उन्हें यह सम्मान दिया.

डॉ. बिंदेश्वर बेक लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं. सेवन स्टार्स अकादेमी के माध्यम से उनका प्रयास बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए तैयार करना है. पढ़ाई के साथ बच्चों में अनुशासन, अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने पर भी ध्यान दिया जाता है. उनका मानना है कि बच्चों को सही शिक्षा और अच्छा माहौल मिले, तो वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं.

डॉ. बेक के शैक्षणिक प्रयासों में आदिवासी, वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना भी शामिल है. ऐसे बच्चों को आगे बढ़ने का मौका मिले और उनकी पढ़ाई आर्थिक परेशानी के कारण न रुके, यह शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों का अहम हिस्सा है. उनका मानना है कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इससे बच्चों का व्यक्तित्व भी निखरना चाहिए. इसी सोच के साथ विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जाता है.

डॉ. बिंदेश्वर बेक को मिले इस सम्मान से सेवन स्टार्स अकादेमी परिवार में खुशी है. इस उपलब्धि को विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रयासों से भी जोड़कर देखा जा रहा है. शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने के लिए यह सम्मान विद्यालय परिवार का उत्साह बढ़ाने वाला है. ‘लाइफ लाइन ऑफ झारखंड अवार्ड–2026’ मिलना डॉ. बेक के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उम्मीद है कि इससे उन्हें बच्चों को बेहतर शिक्षा देने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करने की नई प्रेरणा मिलेगी.