☰
Jharkhand

दिवाली की आतिशबाजी के बाद रांची समेत झारखंड के कई शहरों में बिगड़ी हवा की सेहत, AQI 173 तक पहुंचा

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): दिवाली पर पटाखे जलाना किसे पसंद नहीं होता. रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के बीच त्योहार की खुशियां दोगुनी हो जाती हैं. लेकिन इन पटाखों से निकलने वाला धुआं वातावरण को कितना प्रदूषित करता है, इसका असर त्योहार के अगले दिन साफ दिखाई देने लगता है. झारखंड में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. रविवार को दीपावली मनाई गई और रातभर हुई आतिशबाजी के बाद सोमवार को राज्य के कई शहरों की हवा की गुणवत्ता प्रभावित नजर आई. राजधानी रांची समेत धनबाद, हजारीबाग, जमशेदपुर और चक्रधरपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) Unhealthy श्रेणी में दर्ज किया गया.

हजारीबाग में सबसे ज्यादा प्रदूषण, रांची का AQI 159

AQI.in के रियल टाइम एयर पॉल्यूशन डैशबोर्ड के अनुसार, सोमवार को झारखंड में सबसे अधिक AQI हजारीबाग में 173 दर्ज किया गया. वहीं धनबाद में 167, जमशेदपुर और चक्रधरपुर में 161-161 और राजधानी रांची में 159 रहा. आंकड़े बताते हैं कि दीपावली के बाद इन शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है. प्रदूषण की वजह बनने वाले PM2.5 और PM10 कणों का स्तर भी कई शहरों में अधिक दर्ज किया गया. हजारीबाग में PM2.5 का स्तर 88 और PM10 का 104 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा. धनबाद में यह आंकड़ा क्रमशः 78 और 137 दर्ज किया गया.

रांची की हवा में भी बढ़े प्रदूषण के कण

राजधानी रांची की बात करें तो यहां PM2.5 का स्तर 68 और PM10 का 97 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया. सोमवार को शहर का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और हवा में नमी 44 प्रतिशत रही. वहीं चक्रधरपुर में PM2.5 70 और PM10 84, जबकि जमशेदपुर में PM2.5 69 और PM10 83 दर्ज किया गया. चितरंजन में भी PM2.5 का स्तर 87 और PM10 का 111 रहा.

सावधानी बरतने की जरूरत

एक ओर दीपावली के बाद प्रदूषण बढ़ा है, वहीं राज्य के गुमला, लोहरदगा, पलामू, हजारीबाग और रांची में ठंड का असर भी बढ़ने लगा है. सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है. ऐसे में प्रदूषण और ठंड का मिला-जुला असर सेहत के लिए परेशानी बढ़ा सकता है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. सुबह और देर शाम धुंध या प्रदूषण अधिक होने पर खुले में निकलने से बचें. जरूरी होने पर मास्क का इस्तेमाल करें और अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें.