Jharkhand

लंबित RTI मामलों के निपटारे को मिलेगी रफ्तार, झारखंड में चार नए सूचना आयुक्त 1 जुलाई को लेंगे शपथ

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निपटारे की दिशा में राज्य सरकार ने अहम कदम उठाया है. राज्य के नव नियुक्त चार सूचना आयुक्त 1 जुलाई को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन राजभवन स्थित लोक भवन के दरबार हॉल में पूर्वाह्न 11:30 बजे होगा. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार चारों नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को शपथ दिलाएंगे.

राज्य सरकार ने इस संबंध में लोक भवन प्रशासन को आधिकारिक सूचना भेज दी है. साथ ही समारोह की सभी तैयारियां प्रोटोकॉल के अनुरूप समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. शपथ ग्रहण के बाद चारों आयुक्त विधिवत अपने-अपने पद का कार्यभार संभालेंगे और राज्य सूचना आयोग में लंबित मामलों की सुनवाई शुरू कर सकेंगे.

हाल ही में राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने सूचना आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी की थी. नियुक्त किए गए चार सूचना आयुक्तों में अनुज कुमार सिन्हा, अमूल्य नीरज खलखो, शिवपूजन पाठक और तनुज खत्री शामिल हैं. इन नियुक्तियों के बाद राज्य सूचना आयोग की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद जताई जा रही है. झारखंड सूचना आयोग में लंबे समय से बड़ी संख्या में RTI से जुड़े द्वितीय अपील और शिकायत के मामले लंबित हैं. पर्याप्त संख्या में सूचना आयुक्त नहीं होने के कारण मामलों के निष्पादन में देरी हो रही थी, जिससे आवेदकों को समय पर न्याय और सूचना प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.

ऐसे में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को आयोग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. माना जा रहा है कि नए आयुक्तों के कार्यभार संभालने के बाद लंबित मामलों के निपटारे की रफ्तार तेज होगी, सुनवाई नियमित रूप से हो सकेगी और सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को भी मजबूती मिलेगी. इससे पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलने के साथ आम नागरिकों को समयबद्ध तरीके से सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है.