Jharkhand

रांची RIMS में फूड सेफ्टी पर उठे सवाल, खाना खाने के बाद 20 लोग बीमार, मचा हड़कंप

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल रिम्स, जो यह दावा करता है की यहाँ दिन ब दिन व्यवस्थाओं में सुधार हो रहा है, वहाँ से आई इस खबर ने उन्हीं दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल अस्पताल का भोजन खाने के बाद 20 लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई. प्रभावित लोगों में 18 अटेंडेंट और 2 मरीज शामिल हैं. सभी को उल्टी, दस्त और बेचैनी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और उनका इलाज शुरू कराया गया.

जानकारी के अनुसार, भोजन ग्रहण करने के कुछ समय बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. घटना की सूचना मिलते ही रिम्स प्रबंधन ने प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी दवाएं, इंजेक्शन और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई. राहत की बात यह है कि सभी की हालत फिलहाल स्थिर और सामान्य बताई जा रही है.

मामले को गंभीरता से लेते हुए रिम्स प्रशासन ने किचन मॉनिटरिंग कमेटी को तुरंत जांच में लगा दिया है. कमेटी अस्पताल में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के भंडारण, वितरण प्रक्रिया और स्वच्छता मानकों की जांच करेगी. साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि आखिर लोगों की तबीयत खराब होने की वजह क्या रही.

हालांकि घटना के बाद पीएसएम, मेडिसिन और माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों की एक संयुक्त टीम गठित की गई है. यह टीम भोजन के नमूनों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

रिम्स प्रशासन ने साफ कहा है कि जांच में यदि किसी कर्मचारी, संविदाकर्मी या भोजन उपलब्ध कराने वाली एजेंसी की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी.