Jharkhand

15 जून तक करा लें वोटर मैपिंग, नहीं तो छूट सकता है नाम! झारखंड के CEO ने की मतदाताओं से अपील

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
15 जून तक करा लें वोटर मैपिंग, नहीं तो छूट सकता है नाम! झारखंड के CEO ने की मतदाताओं से अपील

रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी तेज हो गई है. इसी कड़ी में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने राज्य के सभी अन-मैप्ड मतदाताओं से 15 जून तक अपनी वोटर मैपिंग सुनिश्चित कराने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इसके बाद निर्वाचन विभाग पुनरीक्षण से जुड़ी अगली प्रक्रियाओं पर काम शुरू कर देगा.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य में अब तक 78.60 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है. वर्तमान में कुल 2 करोड़ 8 लाख 6 हजार 211 मतदाता सफलतापूर्वक मैप किए जा चुके हैं. खास बात यह है कि 23 मई को अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची सार्वजनिक किए जाने के बाद से अब तक 14 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपनी मैपिंग कराई है. उन्होंने कहा कि 23 मई से सभी मतदान केंद्रों और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची सर्चेबल फॉर्मेट में उपलब्ध कराई गई है, जिसके बाद इस अभियान में तेजी आई है. अभी भी जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, वे अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है. अन-मैप्ड मतदाता ECINET ऐप के "Connect With Election Officials" विकल्प के जरिए अपना EPIC नंबर दर्ज कर संबंधित BLO का मोबाइल नंबर प्राप्त कर सकते हैं. इसके अलावा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर जाकर भी अपने मतदान केंद्र की अन-मैप्ड सूची, BLO का नाम और संपर्क विवरण देखा जा सकता है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए किया जा रहा है. उन्होंने सभी योग्य मतदाताओं से समय रहते अपनी मैपिंग कराने की अपील की है ताकि आगामी पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो.