Jharkhand

SIR Verification: 18 और 20 जुलाई को स्पेशल कैंप, 29 जुलाई से पहले करा लें दस्तावेजों का सत्यापन

Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
SIR Verification: 18 और 20 जुलाई को स्पेशल कैंप, 29 जुलाई से पहले करा लें दस्तावेजों का सत्यापन

रांची(RANCHI): राज्यभर में SIR यानी Special Intensive Revision की प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ रही है. मतदाता सूची को अपडेट करने और सही जानकारी दर्ज करने के लिए चल रही इस प्रक्रिया के तहत विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं. इसी क्रम में 18 जुलाई और 20 जुलाई को स्पेशल कैंप का आयोजन किया गया है. इन कैंपों का उद्देश्य उन लोगों की मदद करना है, जो पहले मैपिंग प्रक्रिया या अब चल रहे SIR वेरिफिकेशन को किसी कारण से पूरा नहीं कर पाए हैं.

झारखंड में SIR की प्रक्रिया 29 जुलाई तक चलेगी. इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. ऐसे में प्रशासन की कोशिश है कि सभी मतदाता समय रहते अपनी जरूरी जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन पूरा करा लें, ताकि भविष्य में वोटर लिस्ट से जुड़ी किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. इसी को लेकर न्यूज पोस्ट की टीम स्पेशल कैंप में पहुंची और वहां मौजूद BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर और आम मतदाताओं से बातचीत कर पूरी प्रक्रिया को समझने की कोशिश की.

कैंप में पहुंचे लोगों ने बताया कि SIR की प्रक्रिया ज्यादा मुश्किल नहीं है. लोगों के अनुसार, BLO की ओर से उन्हें पूरी जानकारी और सहयोग मिल रहा है. जरूरी दस्तावेजों की बात करें तो फिलहाल सामान्य दस्तावेजों की ही जरूरत पड़ रही है, जैसे आधार कार्ड और वोटर आईडी नंबर.

मतदाताओं ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति का नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज था और वह उस समय का वोटर था, तो प्रक्रिया को पूरा करना और भी आसान हो रहा है. लोग कैंप में पहुंचकर अपनी जानकारी की जांच करा रहे हैं और जरूरी फॉर्म की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं.

वहीं BLO ने भी बताया कि लोग अब पहले की तुलना में ज्यादा जागरूक दिखाई दे रहे हैं. बड़ी संख्या में मतदाता कैंप में पहुंच रहे हैं और SIR प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं. BLO की टीम लोगों को दस्तावेजों की जानकारी देने से लेकर फॉर्म भरने तक में मदद कर रही है. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि अभी भी कई लोगों को इस प्रक्रिया में शामिल होने की जरूरत है. जो मतदाता अब तक SIR वेरिफिकेशन पूरा नहीं कर पाए हैं, उन्हें जल्द से जल्द अपने संबंधित बूथ पर जाकर प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए.

प्रशासन का लक्ष्य है कि 29 जुलाई तक ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं का सत्यापन पूरा हो जाए, ताकि मतदाता सूची को सही और अपडेट किया जा सके. ऐसे में लोगों से अपील की जा रही है कि वे स्पेशल कैंप का लाभ उठाएं और समय रहते अपनी जानकारी का सत्यापन करा लें.