☰
Jharkhand

Jharkhand Weather: झारखंड में बढ़ने लगी ठंड की दस्तक, सुबह-शाम सताएगी सिहरन, रांची समेत प्रमुख जिलों का जानें मौसम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में नवंबर के शुरुआती दिनों के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है. सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है. शुक्रवार, 6 नवंबर को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध या कुहासा देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने की संभावना है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल झारखंड में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है. राज्य के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश, आंधी या वज्रपात को लेकर विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य और शुष्क बना रह सकता है. हालांकि, सुबह और रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है.

राजधानी रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री, धनबाद में 29 और 18 डिग्री, डालटनगंज में 30 और 17 डिग्री तथा देवघर में 30 और 17 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है. हजारीबाग में अपेक्षाकृत कम तापमान रहने का अनुमान है, जहां अधिकतम पारा 26.2 डिग्री और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.

मौसम में हो रहे इस बदलाव के बीच सुबह घर से निकलने वाले लोगों को हल्की ठंड का सामना करना पड़ सकता है. खासकर बुजुर्गों और बच्चों को सुबह-शाम सावधानी बरतने की जरूरत है. फिलहाल राज्य में मौसम को लेकर राहत की स्थिति है और बारिश या किसी बड़े मौसमी व्यवधान के संकेत नहीं हैं.