रांची (RANCHI): झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी रांची में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. झारखंड राज्य स्थापना दिवस और सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सौगात दी है. 9097.59 करोड़ रुपये की 1643 योजनाओं की शुभारंभ और उद्घाटन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंच से संकल्प लिया की झारखंड को देश के सबसे विकसित राज्य में शामिल करना है. इस दौरान, सीएम ने केंद्र सरकार से झारखंड के बकाया और संवैधानिक अधिकारों को लेकर कड़ा संदेश भी दिया. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि झारखंड अपने अधिकारों से पीछे हटने वाला नहीं है और जरूरत पड़ी तो इसके लिए राजनीतिक और कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी.
‘हमारे पूर्वजों के संघर्ष से बना है झारखंड’
समारोह को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड कोई भीख में मिला राज्य नहीं है, बल्कि इसके निर्माण के पीछे लंबे संघर्ष और पूर्वजों की शहादत का इतिहास है. राज्य को उसका वाजिब हक मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि अधिकार नहीं मिले तो सरकार कानूनी लड़ाई के साथ आर-पार की राजनीतिक लड़ाई लड़ने से भी पीछे नहीं हटेगी. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि राज्य के अधिकारों के मुद्दे पर उनका रुख मजबूती से कायम रहेगा.
5941 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य को कुल 5941.86 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी. इनमें 3155.73 करोड़ रुपये की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन किया गया, जबकि 2786.13 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान, आदिवासी और मूलवासी समुदाय के विकास को प्राथमिकता दे रही है. राज्य में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है.
पुलिस अधिकारियों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह में कर्तव्यनिष्ठा और वीरता दिखाने वाले पुलिस पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री पदक देकर सम्मानित किया गया. वहीं, मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के राज्य टॉपर छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया.
इस मौके पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद और डॉ. इरफान अंसारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की मेयर रौशनी खलखो, कांग्रेस विधायक ममता देवी और वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए. अंत में मुख्यमंत्री ने सभी से आत्मनिर्भर और मजबूत झारखंड के निर्माण में सहयोग करने की अपील की.
