रांची: झारखण्ड में स्वास्थ्य व्यवस्था मज़बूत करने को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गंभीर है. इसी कड़ी में बुधवार को झारखण्ड मंत्रालय में CM हेमंत ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारीयों के साथ बैठक की. बैठक में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, रिम्स में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्था, स्वास्थ्य बीमा योजनाओं और सरकारी अस्पतालों में एम्बुलेंस सेवाओं को बेहतर बनाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई.
HPV टीकाकरण पर पहले होगा व्यापक सर्वेक्षण
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि झारखंड में सर्वाइकल कैंसर के मामलों का अनुमानित आंकड़ा प्रति एक लाख आबादी पर 13 है. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बेटियों और महिलाओं का स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.
उन्होंने निर्देश दिया कि HPV टीकाकरण लागू करने से पहले राज्यभर में सर्वेक्षण कराकर सर्वाइकल कैंसर से प्रभावित लोगों की वास्तविक संख्या, आयु वर्ग, बीमारी के विभिन्न चरणों और सक्रिय मामलों का विस्तृत आंकड़ा जुटाया जाए. इसके आधार पर समग्र रिपोर्ट तैयार की जाए.
मुख्यमंत्री ने इस विषय पर विशेषज्ञ समिति गठित करने और देश-विदेश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के निदेशकों, कैंसर विशेषज्ञों एवं अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों से परामर्श लेने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि टीकाकरण के वैज्ञानिक, तकनीकी, चिकित्सकीय और सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं का गहन मूल्यांकन किया जाना चाहिए.
सर्वाइकल कैंसर की जांच व्यवस्था होगी मजबूत
मुख्यमंत्री ने सर्वाइकल कैंसर की समय पर पहचान और रोकथाम के लिए जिला अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने पैप स्मीयर टेस्ट और HPV DNA टेस्ट जैसी आवश्यक जांच सुविधाओं की उपलब्धता एवं पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया.
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इस विषय पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने और लोगों तक प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने का भी निर्देश दिया, ताकि समाज में किसी प्रकार की अफवाह या भ्रांति की स्थिति उत्पन्न न हो.
रिम्स में 319 मेडिकल शिक्षकों के पदों का होगा पुनर्गठन
बैठक में रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई. रिम्स में मेडिकल शिक्षकों के कुल 319 स्वीकृत पदों के पुनर्गठन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया.
प्रस्ताव के तहत 7 सुपर स्पेशियलिटी और 3 ब्रॉड स्पेशियलिटी विभागों के सृजन की योजना है. इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतों को देखते हुए 16 नए पद सृजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया.
पुनर्गठन के प्रस्ताव के अनुसार:
- प्राध्यापक के पद 44 से घटाकर 42 किए जाएंगे
- अपर प्राध्यापक के पद 9 से घटाकर 8 किए जाएंगे
- सह-प्राध्यापक के पद 95 से बढ़ाकर 96 किए जाएंगे
- सहायक प्राध्यापक के पद 170 से बढ़ाकर 172 किए जाएंगे
- सहायक प्राध्यापक-सह-सांख्यिकी का एक पद पूर्ववत रहेगा
इस पुनर्गठन के बाद भी मेडिकल शिक्षकों के कुल स्वीकृत पदों की संख्या 319 ही रहेगी.इसका उद्देश्य रिम्स में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिम्स में मरीजों को बेहतर इलाज और मेडिकल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए. उन्होंने संस्थान की ओपीडी व्यवस्था, मेडिकल सीटों, छात्रावासों और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया.
हजारीबाग, दुमका और पलामू मेडिकल कॉलेजों की भी समीक्षा
बैठक में हजारीबाग, दुमका और पलामू मेडिकल कॉलेजों की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय व्यवस्था की भी समीक्षा की गई.इन संस्थानों में आधारभूत संरचना, मेडिकल शिक्षकों की उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की स्थिति पर चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार करने के साथ आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है.
अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत 10 लाख तक का लाभ
बैठक में मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई.अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी.
इस दौरान पात्र लाभार्थियों को 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के प्रावधान और आयुष्मान भारत योजना के साथ इसके समन्वय पर भी विचार-विमर्श हुआ.मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा इलाज के दौरान किसी को परेशानी नहीं हो.
सरकारी अस्पतालों में एम्बुलेंस सेवा होगी बेहतर
मुख्यमंत्री ने सरकारी अस्पतालों में एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की.उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है. इसके लिए राज्य में एम्बुलेंस व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आधारभूत संरचना, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है.
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव नेहा अरोड़ा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के निदेशक और भवन निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
