☰
Jharkhand

पूर्व मंत्री विमला प्रधान को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया दुख

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को रांची के लोअर करमटोली स्थित उनके आवास पहुंचे. यहां उन्होंने विमला प्रधान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और इस दुख की घड़ी में उन्हें सांत्वना दी.

मुख्यमंत्री ने विमला प्रधान के निधन पर दुख जताते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और राज्य के लिए किए गए कार्यों को याद किया. उन्होंने कहा कि विमला प्रधान ने लंबे समय तक सिमडेगा के साथ पूरे झारखंड के विकास में सक्रिय भूमिका निभाई. समाज के अलग-अलग वर्गों के लिए किए गए उनके काम को याद रखा जाएगा.

हेमंत सोरेन ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की.

दो बार सिमडेगा से विधायक रहीं विमला प्रधान

विमला प्रधान झारखंड की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहीं. वह सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुनी गई थीं और झारखंड सरकार में मंत्री भी रह चुकी थीं. उन्हें उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से भी नवाजा गया था.

विमला प्रधान पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं और रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. वह 69 वर्ष की थीं. उनके निधन के बाद राज्य के कई राजनीतिक नेताओं और उनके समर्थकों ने शोक जताया है.

मुख्यमंत्री ने उनके निधन को झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि जनता के प्रति उनका समर्पण और सार्वजनिक जीवन में दिया गया योगदान हमेशा याद किया जाएगा.