रांची (RANCHI): झहरखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची जिले के तमाड़ स्थित प्राचीन शक्तिपीठ माँ दिउड़ी मंदिर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया और झारखंड के सभी नागरिकों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली तथा उन्नति की कामना की. मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी के दरबार में मत्था टेककर राज्य के विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की.
पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है. उन्होंने कहा कि माँ दिउड़ी मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं और लोकविश्वास का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है. सीएम ने कहा कि मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है. उन्होंने राज्यवासियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक स्थलों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि माता रानी की कृपा से झारखंड निरंतर विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा.
बता दें, मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया. मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका हालचाल जाना. इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. मंदिर परिसर में पूरे समय धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना रहा.
