☰
Jharkhand

रांची: आवासीय स्कूल में 5वीं के छात्र ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, नाबालिग गिरफ्तार

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के पिठोरिया इलाके के एक निजी आवासीय स्कूल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने नौवीं कक्षा के एक छात्र पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. घटना के बाद बच्चे ने अपने घरवालों को फोन कर रोते हुए पूरी बात बताई. जानकारी मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे और इसके बाद पिठोरिया थाना में शिकायत दर्ज कराई.

फोन पर रोते हुए घरवालों को बताई बात

पीड़ित छात्र के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 22 सितंबर को उनके बेटे ने फोन किया था. बच्चा काफी डरा हुआ था और रोते हुए उसने घटना के बारे में घरवालों को बताया. इसके बाद परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे. वहां जानकारी लेने के बाद वे पिठोरिया थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.

परिजनों की शिकायत के मुताबिक, घटना 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है. पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी छात्र ने उनके बेटे को डराया-धमकाया और उसके साथ गलत हरकत की.

पॉक्सो एक्ट में केस, आरोपी छात्र गिरफ्तार

मामले की शिकायत मिलने के बाद पिठोरिया पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने आरोपी नाबालिग छात्र को गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है.

स्कूल प्रबंधन पर भी उठे सवाल

इस मामले में पीड़ित बच्चे के परिजनों ने स्कूल और हॉस्टल प्रबंधन पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बावजूद उन्हें और पुलिस को तुरंत इसकी सूचना नहीं दी गई. परिजनों का कहना है कि अगर उन्हें समय पर जानकारी मिलती, तो वे पहले ही पुलिस तक पहुंच सकते थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.