रांची (RANCHI): भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत आज झारखंड दौरे पर आ रहे हैं. अपने दौरे के दौरान वह देवघर और रांची में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सबसे पहले सीजेआई देवघर पहुंचेंगे, जहां सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे. इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे वह रांची पहुंचेंगे. यहां धुर्वा स्थित झारखंड हाईकोर्ट परिसर में 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे.
देवघर में 10 हजार से अधिक लाभुकों को मिलेगा लाभ
देवघर सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एस. चंद्रशेखर और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. वहीं, झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद और जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों और विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. कार्यक्रम में पीड़ितों के बीच मुआवजे के चेक वितरित किए जाएंगे. इसके अलावा प्रोजेक्ट शिशु के लाभुकों को भी सहायता दी जाएगी. विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 10 हजार से अधिक लोगों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण प्रस्तावित है.
डिजिटल माध्यम से पलामू और रांची में खुलेंगे विधिक सहायता क्लिनिक
सीजेआई सूर्यकांत देवघर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डिजिटल माध्यम से पलामू और रांची में विधिक सहायता क्लिनिकों का उद्घाटन भी करेंगे. इन क्लिनिकों के शुरू होने से जरूरतमंद लोगों को कानूनी सलाह और सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी. खासकर ऐसे लोग, जो आर्थिक या अन्य कारणों से न्यायिक प्रक्रिया तक आसानी से नहीं पहुंच पाते हैं, उन्हें इसका लाभ मिल सकेगा.
रांची हाईकोर्ट को मिलेगा 35 करोड़ का अत्याधुनिक डेटा सेंटर
देवघर का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सीजेआई शाम 7:30 बजे रांची पहुंचेंगे. धुर्वा स्थित झारखंड हाईकोर्ट में आयोजित समारोह में वह करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे.
इस डेटा सेंटर को झारखंड की न्यायिक व्यवस्था के डिजिटल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे हाईकोर्ट के साथ राज्य की अधीनस्थ अदालतों के डिजिटल रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने और न्यायिक सूचनाओं तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही अदालतों के कामकाज में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा.
हाईकोर्ट की नई वेबसाइट और मोबाइल ऐप भी होंगे लॉन्च
कार्यक्रम के दौरान झारखंड हाईकोर्ट की नई आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया जाएगा. इसके अलावा हाईकोर्ट और जिला अदालतों के लिए आईओएस मोबाइल एप्लीकेशन तथा ऑनलाइन सर्टिफाइड कॉपी मॉड्यूल लॉन्च किया जाएगा. अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए पर्सनलाइज्ड कॉज लिस्ट की व्यवस्था भी शुरू होगी. इससे वकीलों और आम लोगों को न्यायिक सेवाओं से जुड़ी जानकारी डिजिटल माध्यम से प्राप्त करने में सहूलियत होगी.
