Jharkhand

रिम्स में CID की एंट्री से मचा हड़कंप, एडमिशन घोटाले की जांच तेज, बड़े अधिकारियों पर लटक सकती है कार्रवाई की तलवार

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
रिम्स में CID की एंट्री से मचा हड़कंप, एडमिशन घोटाले की जांच तेज, बड़े अधिकारियों पर लटक सकती है कार्रवाई की तलवार

रांची (RANCHI): झारखंड के सबसे बड़े सरकारी मेडिकल संस्थान रिम्स में बुधवार को झारखंड सीआईडी की विशेष टीम अचानक जांच के लिए पहुंची है. बताया जा रहा है कि पिछले शैक्षणिक सत्र में हुए नामांकन को लेकर मिली गंभीर शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है. सीआईडी की मौजूदगी से संस्थान के प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है.

ऐसे में सीआईडी की टीम सीधे रिम्स के डीन कार्यालय पहुंची और रिकॉर्ड रूम को जांच के दायरे में लेते हुए कई अहम फाइलों, दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू कर दी. पिछले वर्ष हुए एडमिशन से संबंधित कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है. साथ ही संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ भी की जा रही है. दरअसल पिछले शैक्षणिक सत्र में रिम्स में हुए कुछ दाखिलों को लेकर अनियमितता और नियमों की अनदेखी की शिकायतें सामने आई थीं. आरोप है कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना कुछ अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य स्तर पर इसकी जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा गया था.

अब सीआईडी की कार्रवाई के बाद रिम्स प्रशासन पर सवाल खड़े होने लगे हैं. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि नामांकन प्रक्रिया में किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई या नहीं और इसके लिए कौन जिम्मेदार है. यदि जांच में किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है. ऐसे में अब जांच की आंच संस्थान के शीर्ष प्रशासन तक भी पहुंच सकती है और रिम्स के उच्च अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है. फिलहाल सीआईडी की टीम रिकॉर्ड खंगालने और तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.