Jharkhand

रांची के धुर्वा डैम में डूबने से एक मासूम की मौत, परिवार में मची चीख-पुकार

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

रांची (RANCHI) : राजधानी के हटिया स्थित धुर्वा डैम में डूबने से एक मासूम की जान चली गई. परिवार के साथ घूमने आई 14 वर्षीय बच्ची की डैम में डूबने से मौत हो गई.. मृत बच्ची की पहचान हटिया निवासी श्रेया गाड़ी के रूप में की गई है. श्रेया अपने परिवार के सदस्यों के साथ धुर्वा डैम घूमने के लिए पहुंची थी. छुट्टी के दिन परिवार डैम की सुदंरता का आनंद लेने और समय बिताने आया था. इसी दौरान श्रेया डैम के फाटक के निचले हिस्से की ओर चली गई. बताया जा रहा है कि वहां पानी के पास खड़े होने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह सीधे गहरे पानी में जा गिरी.

घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग और परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बच्ची पानी में डूबने लगी. परिजनों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई. स्थानीय लोगों ने भी उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सके. स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई. काफी मशक्कत के बाद बच्ची को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम के आसपास खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके.